देवशयनी एकादशी व्रत कथा
एक नगर की बात है, सतयुग में राजा मंधाता एक राज्य के राजा थे। उनके राज्य में प्रजा हर प्रकार से सुखी थी। न धन की कमी, न वर्षा की कमी, न फसल की और न ही कोई बीमारी थी वहा। यह सब राजा के पुण्यों का ही फल था। प्रजा अपने राजा से अत्यंत प्रेम करती थी और राजा भी अपनी प्रजा को अपनी संतानों की तरह समझता था और उनकी हर ज़रूरतों का ध्यान रखता था। इसी प्रकार सुख में अनेक वर्ष बीत गए। किन्तु कुछ वर्षों बाद एक ऐसा समय आया जब वहां वर्षा होनी बंद हो गयी और राज्य में सूखा पड़ गया। धीरे धीरे नदियां भी सूखने लगी और जानवर भी प्यासे मरने लगे। सभी लोग इस से दुखी थे, किसी को कुछ समझ नहीं आता था की ऐसा क्या पाप हो गया जो इंद्र देव रूठ गए और वर्षा बंद हो गयी। धीरे धीरे वर्ष पर वर्ष बीतने लगे किन्तु वर्षा नहीं हुई। अपनी प्रजा की ऐसी हालत देख राजा भी अत्यंत दुखी हो गया था। उसने कई विद्वानों और ज्योतिषों को अपने महल बुलाया और उनके बताये हर उपाय को निष्ठा पूर्वक किया किन्तु फिर भी वर्षा नहीं हुई।
परन्तु अब राजा से अपनी प्रजा का दुःख और देखा नहीं गया, उसने निश्चय किया की वह महल छोड़ कर जंगलों में ऋषि मुनियों से इसका हल पूछेगा और तब तक राज्य में नहीं लौटेगा जब तक कोई ऋषि उसका सटीक उपाय न बताये।
ऐसा निश्चय कर वह जंगल की ओर चल दिया। कई दिन बीते, राजा को बहुत ऋषि मुनि मिले किन्तु कोई इसका उपाय नहीं बता पाया। और अंत में वह ब्रह्मा जी के पुत्र ऋषि अंगिरा के आश्रम पहुंचे। वहा के दिव्य वातावरण में उसे बहुत शांति मिली और उसकी समस्या के हल के लिए उसकी आशा भी प्रबल हो गयी। उसने हाथ जोड़कर ऋषि अंगिरा को प्रणाम किया और अपने राज्य का सारा वृतांत सुना दिया। उसने इस समस्या का उपाय पूछा। ऋषि अंगिरा ने अपनी दिव्य दृष्ति से उस राज्य का निरिक्षण किया और फिर कहा कि तुम्हारे राज्य में कोई शूद्र शास्त्रों की शिक्षा ग्रहण कर रहा है, जो की महापाप है (उस युग में केवल ब्राह्मणों को ही शास्त्रों का अध्ययन करने की अनुमति थी)। इसी कारण तुम्हारे राज्य में वर्षा नहीं हो रही। तुम उस व्यक्ति का वध कर दो तो तुम्हारी समस्या हल हो जायगी। किन्तु राजा का मन नहीं माना, वह व्यक्ति भी उसकी प्रजा का ही हिस्सा था और वह अपनी प्रजा को कोई कष्ट नहीं पहुँचाना चाहता था। इस कारण उसने कोई और उपाय पूछा। तब ऋषि ने उसे आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी का महत्व बताया और कहा यदि तुम इस एकादशी का व्रत निष्ठा पूर्वक करते हो तो अवश्य ही भगवान् विष्णु तुम पर कृपा करेंगे। यह सुन राजा अत्यंत प्रसन्न हुआ और राज्य में लौटकर उसने यह व्रत स्वयं भी किया और सारी प्रजा से भी इस व्रत को करने का अनुरोध किया। उनकी निष्ठा और भक्ति से भगवान विष्णु प्रसन्न हुए और उनकी कृपा से राज्य में ज़ोरदार वर्षा हुई। और सारी प्रजा पहले की भांति सुखी हो गयी। इसके बाद से राजा सहित सारी प्रजा हर एकादशी के व्रत के निष्ठापूर्वक पालन करने लगी।